यूपी के साथ ही बलिया को भ्रष्टाचार मुक्त करने के लिए एक बार फिर मोदी जी का पीएम बनना जरूरी: केशव मौर्या -लोकसभा चुनाव में सपा का होगा सूपड़ा साफ

बलिया। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के लिए गुरूवार को यहां पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा सफाया हो जाएगा। 
श्री मौर्य ने कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि सभी 75 जिलों में बिना भेदभाव के हमारी सरकार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि यूपी के साथ-साथ भ्रष्टाचार मुक्त बलिया भी हो। उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन से 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव जीते। उसके बाद 2022 का विधानसभा चुनाव भी भारी बहुमत से जीते। अब 2024 में प्रयास है कि उत्तर प्रदेश की अस्सी में से अस्सी लोकसभा सीटें एनडीए की खाते में आ जाएं। पूर्वांचल में ओमप्रकाश राजभर हो या दारा सिंह चौहान हों, भाजपा  की ताकत बढ़ रही है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ताकत बढी  है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा का सूपड़ा  पूरी तरह से  सफाया हो जाएगा। कांग्रेस पर हमला करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस नीति विहीन दल है। कांग्रेस नेताओं का बस अब एक ही काम है मोदी जी के लिए अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना। जबकि प्रधानमंत्री मोदी जी आज देश को एक नई ऊंचाई पर लेकर गए हैं। इस बात का हमें गर्व है कि नरेन्द्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय और प्रभावशाली नेता हैं। उच्च न्यायालय द्वारा ज्ञानवापी को लेकर दिए फैसले पर डिप्टी सीएम ने कहा कि कोर्ट का फैसला आया है। जो स्वागतयोग्य है। हमें पूरा विश्वास है कि एएसआई के सर्वे के बाद  सच सामने आएगा। सत्य की जीत होगी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के यूपी के फूलपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलों पर श्री मौर्य ने चुटकी लेते हुए कहा कि नीतीश कुमार फूलपुर से चुनाव लड़ें या बिहार से, उन्हें जीतना नहीं है। वहीं, जातिगत जनगणना को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि न्यायालय के आदेश का मैं स्वागत करता हूं। इस दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, विधायक केतकी सिंह, पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू आदि मौजूद रहे ।

Post a Comment

0 Comments