बलिया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष स्व0 देवेन्द्र सिंह की सातवीं पुण्यतिथि टीडी कालेज के राजेन्द्र प्रसाद सभागार में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। सैकड़ों छात्रनेताओं ने स्व0 देवेन्द्र सिंह के चित्र पर भी पुष्प अर्पित किया।
श्रद्धांजलि सभा के मुख्य वक्ता बजरंगी सिंह बज्जू ने कहा कि स्व0 देवेन्द्र सिंह जिला मुख्यालय से पचास किलोमीटर दूर से आकर छात्र राजनीति में जो मुकाम हासिल किया वह मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि देवेन्द्र सिंह ने छात्रसंघ की गरिमा को नई ऊंचाई दी । नए छात्रों को उनके आदर्शों को अपनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्व0 सिंह महात्मा गांधी दर्शन के सच्चे अनुयाई थे वे दो अक्टूबर को व्रत किया करते थे।इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रनेता बाबुल सिंह ने कहा कि देवेन्द्र सिंह छात्र राजनीति में शुचिता के पक्षधर थे। उन्होंने राजनीति में नैतिकता को सर्वोच्च स्थान पर रखा। सर्वोदय पीजी कालेज मऊ के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अरविंद सिंह ने कहा कि वे सिर्फ बलिया ही नहीं बल्कि पूर्वांचल भर के लोकप्रिय छात्र नेता थे। रतनपुरा डिग्री कालेज और टीडी कालेज जैसे बड़े कालेजों का छात्रसंघ अध्यक्ष बनना इसका प्रमाण है। कहा कि जब भी पूर्वांचल के किसी जिले में छात्रों के हक को छीनने का प्रयास होता तो स्व0 सिंह सबसे आगे दिखते थे। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अरूण सिंह ने कहा कि छात्र राजनीति में देवेन्द्र सिंह शालीनता के प्रतीक थे। लेकिन अपनी बात रखने में पीछे नहीं हटते थे। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जगत नारायण मिश्र ने कहा कि जिले की छात्र राजनीति का इतिहास जब भी लिखा जाएगा देवेन्द्र सिंह का नाम स्वर्णक्षरों में लिखा जाएगा। श्रद्धांजलि सभा को पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रेमप्रकाश सिंह पिंटू, दिनेश प्रताप सिंह, रणवीर सिंह सेंगर,शिप्रांत सिंह गौतम विवेक सिंह कौशिक, रूपेश चौबे, मनन दूबे, हिटलर सिंह, संतोष सिंह पंकज राय ,धनंजय विशेन, धर्मवीर सिंह राणा कुणाल,कर्णप्रताप सिंह,हिमांशु सिंह, अनुराग पटेल,विनय सिंह , धर्मेन्द्र सिंह, मुकेश सिंह,आदि ने भी सम्बोधित किया। अध्यक्षता टीडी कालेज के अध्यक्ष दीपक सिंह व संचालन अमित सिंह छोटू महामंत्री व आमित सिंह महामंत्री ने किया। उपेन्द्र सिंह ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।
0 Comments