कांग्रेसी आईसीयू में और बसपा सपा गठबंधन बिना दूल्हे की बारात-- केशव प्रसाद मौर्य

नगरा ( बलिया) । प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस को झूठ बोलने वाली आटोमेटिक मशीन बताया। उन्होने सपा बसपा व कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 23 मई , कांग्रेस , सपा , बसपा गई। उपमुख्यमंत्री जनता इंटर कालेज के प्रांगण मे बुधवार को सलेमपुर के भाजपा प्रत्याशी  के पक्ष मे आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। कहा कि कांग्रेस आईसीयू मे चली गई है तो गठबंधन के नेता बिन दुल्हे की बाराती बन कर घूम रहे हैं। खुद कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी से चुनाव हार चुके है। यही स्थिति सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की भी है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के चुनाव मे मोदी लहर चल रही थी। 2019 के चुनाव मे मोदी जी की सुनामी चल रही है। 2014 के चुनाव मे जनता ने बसपा को जीरो पर आउट किया था। 2019 के चुनाव मे यहां की जनता सपा व बसपा को डबल जीरो देने का काम करेगी। कहा कि सपा बसपा भरोसे वाली पार्टी नही है। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव से राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी तो छीनी ही आजमगढ़ सीट भी छीन लिया। सपा बसपा ने 15 वर्षो के कार्यालय मे जितना प्रदेश का विकास नही किया उतना दो वर्ष के कार्यकाल मे प्रदेश की योगी सरकार ने कर दिखाया है। प्रदेश की सरकार ने बडे बडे गुंडो को उल्टा लटका कर सीधा करने का कार्य किया है। उन्होंने जनता से सीधा संवाद करते हुए कहा कि मोदी सरकार से पहले क्या आपने कभी सर्जिकल स्ट्राइक व एयर स्ट्राइक का नाम सुना था तो जनता ने जबाब दिया नही। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पाकिस्तान को उसी की भाषा मे जबाब दिया है। उन्होंने किसान के बारे मे सोचा और किसान सम्मान योजना के माध्यम से हर किसान को छ: हजार रुपए सालाना देने का काम किया है। कहा कि केंद्र मे पुनः मोदी सरकार बनने पर सबसे पहले काश्मीर से धारा 370 समाप्त किया जाएगा व देश के दुश्मनों को फांसी पर लटकाया जाएगा। कहा कि 56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री ने सेना को खुली छूट दे रखी है। बसपा सुप्रिमों मायावती को निशाने पर लेते हुए कहा कि मायावती वोट वोट बेंच कर नोट कमाने वाली नेता हैं। आज गठबंधन के नेता बेरोजगारी हटाओ, गरीबी मिटाओ व आतंकवाद मिटाओ की बात नही करते उनका एक ही कार्यक्रम है केवल मोदी हटाओ व कुर्सी हथियाओ। उपमुख्यमंत्री ने सलेमपुर से भाजपा प्रत्याशी रवीन्द्र कुशवाहा को भारी मतों से विजई बनाने की अपील करते हुए कहा कि कमल का बटन यदि एक बार दबेगा तो एक हजार किलो वजन का बम पाकिस्तान मे फूटेगा। रैली मे सर्व प्रथम उपमुख्यमंत्री का स्वागत प्रत्याशी रवींद्र कुशवाहा ने किया। रैली को विधायक धनंजय कन्नौजिया , विधायक संजय यादव , पूर्व मंत्री राजधारी , प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह , चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त , आलोक शुक्ल ने भी संबोधित किया। नगरा से ओम प्रकाश वर्मा की रिपोर्ट

Post a Comment

0 Comments