राहुल प्रियंका के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी पर कांग्रेसियों ने कोतवाली में दी तहरीर


कांग्रेस, राहुल और प्रियंका पर विवादित बयान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी आंदोलन की चेतावनी
बलिया। भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह द्वारा कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को तहरीर देकर विधायक पर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। कोतवाली में प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेताओं ने विधायक की मानसिक स्थिति बिगड़ी हुई बताते हुए काररवाई न होने पर वृहद आंदोलन की मांग की। ज्ञातव्य है कि हमेशा अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह ने एक चैनल को दिए गए बयान में कांग्रेस पार्टी को टूटी हुई नाव बताते हुए राहुल गांधी को रावण और मोदी को राम बताया। इतना ही नहीं उन्होंने कांग्रेस की दूसरी इंदिरा गांधी माने जाने वाली प्रियंका गांधी को सूर्पणखा की संज्ञा दी। विधायक ने राम- रावण के युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा था कि जिस प्रकार राम- रावण के प्रजातांत्रिक युद्ध में रावण ने अपनी बहन सूर्पणखा को छल द्वारा जीतने के लिए युद्ध मैदान में भेजा था, ठीक उसी प्रकार मोदी से जीतने के लिए राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका को भेजकर चुनाव जीतने का प्रयास कर रहे है। विधायक द्वारा दिये गए विवादित बयान से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नारेबाजी करते हुए कोतवाली में प्रदर्शन किया और विधायक के खिलाफ तहरीर दी। इस दौरान कांग्रेस वक्ताओं ने कहा कि विधायक का मानसिक संतुलन खराब हो गया है, जिससे वह पार्टी और नेताओं पर अमर्यादित टिप्पणी करके सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहे है, जिसे कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यदि विधायक पर कानूनी काररवाई नहीं की गई तो जनपद के समस्त कार्यकर्ता कोतवाली और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करते हुए वृहद आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Post a Comment

0 Comments